दो ट्रकों की आमने-सामने हुई टक्कर, एक घायल

By PARUL Published: 6 Dec 2023, 7:49 PM | Updated: 6 Dec 2023, 7:55 PM 1 min read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर में किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक हादसा पेश आया है। जहां कैंची मोड़ टनल के बाहर बने फ्लाईओवर पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पंजाब का ट्रक चालक सरदार राजप्रीत निवासी नवांशहर अमृतसर गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक चंडीगढ़ से मंडी की ओर जा रहा था। जबकि दूसरा ट्रक बिलासपुर की ओर से भरतगढ़ की तरफ जा रहा था। इस दौरान जब ट्रक टनल नंबर-1 के बाहर फ्लाईओवर पर पहुंचे तो दोनों की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में चंडीगढ़ से आ रहा ट्रक सड़क पर पलट गया। ट्रक चालक को चोटें आई हैं।

जबकि बिलासपुर से भरतगढ़ की तरफ से जा रहा ट्रक चालक सरदार राजप्रीत बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे सीएचसी स्वारघाट की एंबुलेंस से उपचार के लिए एम्स बिलासपुर ले जाया गया। बता दें कि ट्रक चालक सरदार राजप्रीत गलत लेन से आ रहा था।

वहीं हादसे के बाद जाम लग गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना स्वारघाट की टीम मौके पर पहुंची और जाम खुलवाया। डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसरा ने मामले की पुष्टि की है।