Loading...

द्रष्टि गांव में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गांव में मातम का माहौल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 26 Apr 2025 Edited 26 Apr Quick read

मंडी

भोजन के बाद घर से निकले दो युवक खड्ड किनारे बेहोश मिले, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मंडी जिले के खड़कन पंचायत के अंतर्गत द्रष्टि गांव में शुक्रवार को दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने दोनों को बिमला खड्ड के किनारे बेहोशी की हालत में देखा और तुरंत उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय करसोग पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोनों युवक मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे
मृतकों की पहचान भगत राम (43) पुत्र बंगालु राम और संजय (26) पुत्र गुलाब सिंह निवासी द्रष्टि गांव के रूप में हुई है। दोनों युवक शुक्रवार को दोपहर का भोजन करने के बाद घर से काम के लिए निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद घर के समीप बहती बिमला खड्ड के पास अचेत अवस्था में पाए गए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है। स्थानीय प्रशासन ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएसपी करसोग गौरवजीत सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।