धर्मशाला पहुंचे इंडिया और इंग्लैंड टीम के खिलाड़ी, 7 मार्च से शुरू होगा मैच
HNN/धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच खेलने के लिए दोनों टीमें आ गई हैं। सुबह कांगड़ा एयरपोर्ट में दोनों टीमों का एक साथ आगमन हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ी एक ही स्पेशल फ्लाइट से कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे। हालांकि धर्मशाला के लिए दोनों टीमें अलग-अलग रवाना हुई।
पहले भारतीय टीम के खिलाड़ियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम में धर्मशाला के लिए रवाना किया गया। उसके कुछ ही देर के बाद इंग्लैंड टीम के खिलाड़ी भी पूरी सुरक्षा में धर्मशाला के लिए रवाना हुए। गौरतलब है कि 7 मार्च से लेकर 11 मार्च तक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच खेला जाएगा।
वहीं, खराब मौसम के बीच भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी धर्मशाला पहुंचे थे। हल्की बारिश ने दोनों टीमों का धर्मशाला में स्वागत किया। वहीं, एचपीसीए का क्रिकेट मैदान टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह तैयार है। कल से दोनो टीमें अभ्यास के लिए क्रिकेट मैदान में उतरेंगी।
सुबह भारतीय टीम अभ्यास के लिए मैदान में उतरेगी और दोपहर बाद इंग्लैंड टीम के खिलाड़ी मैदान में नजर आएंगे। हालांकि इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ खिलाड़ी टेस्ट मैच से पहले धर्मशाला पहुंचेंगे, जिसमें भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा भी शामिल हैं।
