धर्मशाला में पर्यटन निगम मुख्यालय स्थानांतरित करना दूरदर्शी और ऐतिहासिक निर्णय : त्रिलोक सूर्यवंशी
शिमला
आर एस बाली की कार्यकुशलता और सुक्खू सरकार की दूरदृष्टि से पर्यटन विकास को मिलेगा नया आयाम
जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के पूर्व उपाध्यक्ष और प्रदेश किसान कांग्रेस के राज्य मीडिया प्रभारी त्रिलोक सूर्यवंशी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम का मुख्यालय धर्मशाला स्थानांतरित करना सुक्खू सरकार का दूरदर्शी और ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से न केवल कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की दिशा में प्रगति होगी, बल्कि निगम की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
निगम को घाटे से उबारने में आर एस बाली की बड़ी भूमिका
त्रिलोक सूर्यवंशी ने कहा कि पर्यटन निगम के उपाध्यक्ष आर एस बाली ने अपने संकल्प और कुशल प्रबंधन से निगम को वर्षों से चल रहे घाटे से बाहर निकाला और अब मुख्यालय स्थानांतरण जैसे ऐतिहासिक निर्णय को साकार किया है। उनका यह कदम प्रदेश में पर्यटन ढांचे को नया रूप देने वाला साबित होगा।
कांगड़ा की पर्यटन क्षमता को मिलेगा लाभ
सूर्यवंशी ने कहा कि कांगड़ा पर्यटन के क्षेत्र में पहले से ही अग्रणी जिला है, जहां लाखों देशी-विदेशी पर्यटक हर वर्ष आते हैं। ऐसे में वहां निगम मुख्यालय स्थापित होने से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय विकास को बल मिलेगा।
राजधानी का बोझ कम करने और संतुलित विकास का सुझाव
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इसी तर्ज पर अन्य विभागों के निदेशालय और मुख्यालय प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्थानांतरित किए जाएं। इससे शिमला पर बोझ कम होगा और पूरे राज्य में प्रशासनिक सुविधाओं का समान वितरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।