Loading...

धर्मशाला मैराथन स्पोर्ट्स टूरिज्म और फिटनेस को बढ़ावा देगा, हर वर्ष 25 दिसंबर को होगा आयोजन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 11 Dec 2025 • 1 Min Read

धर्मशाला नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित धर्मशाला मैराथन-2025 खेल पर्यटन, नशा-मुक्त जीवनशैली और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष बड़े स्तर पर आयोजित की जा रही है। यह आयोजन कांगड़ा वैली कार्निवाल-2025 के समापन कार्यक्रम का हिस्सा है।

धर्मशाला

25 दिसंबर को साई एथलेटिक मैदान से होगी मैराथन की शुरुआत
नगर निगम धर्मशाला के समृद्धि भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में आयुक्त जफर इकबाल ने बताया कि मैराथन साई एथलेटिक मैदान से आरंभ होकर चरान दाड़ी, रक्कड़, खनियारा, कोतवाली बाजार और चीलगाड़ी मार्ग से होते हुए पुनः साई स्टेडियम में समाप्त होगी। इस आयोजन में 3 किमी फन रन, 5 किमी रन, 10 किमी रन, हाफ मैराथन (21.1 किमी) और फुल मैराथन (42.2 किमी) की श्रेणियाँ रखी गई हैं।
प्रतिभागियों को इवेंट टी-शर्ट, फिनिशर मेडल, मेडिकल सहायता, हाइड्रेशन सुविधा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ उपलब्ध करवाई जाएँगी।

नशा-मुक्त हिमाचल अभियान को मिलेगी नई गति
आयुक्त जफर इकबाल ने कहा कि यह मैराथन हिमाचल सरकार के चिट्टा मुक्त अभियान को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देगा, बल्कि सामुदायिक एकता और युवाओं को नशे से दूर रखने का भी संदेश देगा।
महापौर नीनू शर्मा और उपमहापौर तजिंदर कौर भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं, साथ ही नगर निगम के पार्षद एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपनी भागीदारी दर्ज करवाई।

छात्रों के लिए विशेष शुल्क छूट, 15 लाख की पुरस्कार राशि
आयुक्त ने बताया कि युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों को विशेष छूट दी जा रही है।

  • 3 किमी और 5 किमी वर्ग में 100% शुल्क छूट
  • 10 किमी व इससे अधिक वर्ग में 50% शुल्क छूट
    इवेंट में कुल 15 लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह बढ़ेगा।

धर्मशाला मैराथन बनेगा वार्षिक कैलेंडर इवेंट
आयुक्त इकबाल ने कहा कि धर्मशाला मैराथन को नगर का स्थायी कैलेंडर इवेंट बनाया जा रहा है और इसका आयोजन हर वर्ष 25 दिसंबर को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग, भारतीय सेना, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक बड़े स्तर पर भाग लेकर धर्मशाला को फिटनेस और खेल की पहचान देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि सामूहिक प्रयासों से धर्मशाला को स्पोर्ट्स टूरिज्म के मानचित्र में अग्रणी स्थान दिलाया जा सकता है।

ऑनलाइन पंजीकरण और संपर्क जानकारी
मैराथन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आधिकारिक वेबसाइट
https://konfhub-com/dharamshala&marathon&2025
पर किया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए 97179 22257 पर संपर्क किया जा सकता है।