नंदपुर और पंजोआ में 418 कनाल भूमि पर लगी गेहूं की फसल जलकर राख
HNN/ ऊना
जिला ऊना के उपमंडल अम्ब के तहत नंदपुर और पंजोआ के थड़ा में भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। जहां 18 कनाल भूमि पर लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई गई। इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, नंदपुर में 400 कनाल भूमि पर लगी गेहूं की फसल में अचानक ही चिंगारी सुलग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सारी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम व ग्रामीणों ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि इस अग्निकांड में नंदपुर के करीब 20 किसानों की फसल जलकर राख हुई है। इतना ही नहीं, नंदपुर निवासी हरभजन पुत्र प्रकाश चंद की पशुशाला और उसमें रखा हजारों रुपए का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
उधर, पंजोआ के थड़ा निवासी महिंद्र सिंह के खेतों में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। महिंद्र की करीब 18 कनाल भूमि पर लगी गेहूं की फसल जलने से 2 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। तहसीलदार अंब प्रेम धीमान ने कहा कि आग की घटना की सूचना मिलने पर उनकी ओर से संबंधित हलका पटवारी को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तैयार करवाई गई है।