नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठग रहे शातिर, पुलिस ने जारी किया अलर्ट
HNN/ शिमला
हिमाचल में साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए आए दिन नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी बिजली बिल, गिफ्ट पैक, नौकरी का झांसा देकर, कमरों की ऑनलाइन बुकिंग, लोन और अन्य नए-नए तरीके अपनाकर शातिर लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं। बड़ी बात तो यह है कि पढ़े-लिखे लोग भी इन साइबर ठगों के जाल में फंस कर अपनी जमा पूंजी को गवां रहे हैं।
हालांकि पुलिस आए दिन ठगों से बचने के लिए लोगों को जागरूक कर रही है। बावजूद इसके ठगी के मामले निरंतर बढ़ते ही जा रहे हैं। आलम यह है कि प्रदेश में साल दर साल यह आंकड़ा बढ़ रहा है। पिछले साल यानी कि वर्ष 2022 की बात करें तो इस दौरान ठगों ने हजारों लोगों को लूटा है। 2022 में 9,110 लोग ठगी का शिकार हुए हैं।
इससे पहले वर्ष 2017 में 1,723, वर्ष 2019 में 3,005 और 2020 में 6,451 लोग ठगी का शिकार हुए है। उधर, प्रदेश में लगातार बढ़ रहे ठगी के मामलों के चलते पुलिस ने अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।