नए साल के जश्न के लिए शिमला तैयार, 2 जनवरी तक होटल एडवांस बुक
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अब क्रिसमस के बाद न्यू ईयर का जश्न मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इसके लिए राजधानी में होटलों के कारोबारियों ने पहले से ही सभी तैयारियां पूरी कर ली है। वही न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए देश के कोने-कोने से पर्यटक हिल्स क्वीन शिमला का रुख करेंगे। पर्यटकों द्वारा शहर के होटलों में पहले से ही एडवांस में ही कमरों की बुकिंग करवा ली गई है।
राजधानी शिमला के होटल नववर्ष के लिए 30 दिसंबर से 2 जनवरी के लिए एडवांस में बुक हो चुके हैं। बता दें, इस बार न्यू ईयर वीकेंड पर आ रहा है और शहर के सभी छोटे-बड़े होटल भी पहले से ही पैक हो चुके हैं। ऐसे में 30 दिसंबर से जनवरी के पहले सप्ताह तक हिल्स क्वीन शिमला में सैलानियों की भीड़ उमड़ी रहेगी।
उधर, ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि 2 जनवरी तक के लिए होटलों में सैलानियों ने एडवांस बुकिंग करवा रखी है। मनु सूद का कहना है कि इस बार कारोबार अच्छा होने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के नुक्सान की भरपाई होना तो मुश्किल है, लेकिन जिस हिसाब से होटल बुक है उससे कारोबार पटरी पर आता दिख रहा है।