HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है जिससे शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ गया है। बता दें कि न्यू ईयर मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थलों में इन दिनों सैलानियों का मेला लगा हुआ है। ऐसे में ताजा बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। न्यू ईयर से पहले हिमाचल के पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए हैं जिससे पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं है।
बीते रोज भी पर्यटकों ने बर्फ के बीच जमकर अठखेलियां की। बता दें कि चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, सिरमौर और शिमला में बर्फबारी हुई है जिससे बर्फ के ढेर लगे हुए है। ताजा बर्फबारी के बीच मस्ती करने के लिए शुक्रवार को बड़ी संख्या में जगह-जगह सैलानी बर्फ के बीच अठखेलियां करते हुए दिखाई दिए। बर्फ से ढकी प्रदेश की ऊंची-ऊंची चोटियां सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

