Loading...

ननद-भाभी के झगड़े से गई 76 वर्षीय बुजुर्ग की जान, जाँच में जुटी पुलिस

Ankita • 4 Feb 2023 • 1 Min Read

HNN/ मंडी

जिला मंडी में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां उपमंडल गोहर की बासा पंचायत के दाड़ी गांव में परिवार के आपसी विवाद में एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भिजवाया है। वहीं, घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, 76 वर्षीय पुन्नू राम की बेटी सीता देवी अपने मायके आई हुई थी। पुन्नू राम की बहू जमना व सीता आपस में बातें कर रहे थे। इस दौरान दोनों में बहस हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों ने झगड़ा करना शुरू कर दिया, जैसे ही पुन्नू राम झगड़ा रोकने के लिए उन दोनों के बीच में पड़ा तो इसी दौरान अचानक ही उसे धक्का लग गया और वह नीचे गिर गया। हादसे में बुजुर्ग व्यक्ति के सिर पर गहरी चोट आई है।

हादसे के बाद उसके परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल गोहर ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। मामले की पुष्टि एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस दोषी के खिलाफ सख्त कार्यवाही करेगी।