Loading...

हाटी समुदाय की बड़ी कानूनी जीत, हाईकोर्ट ने बरकरार रखा जनजातीय दर्जा

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

दर्जे को चुनौती देने वाली याचिका खारिज, गिरिपार में खुशी की लहर; छह दशक के संघर्ष पर लगी न्यायिक मुहर

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट से बड़ी राहत भरी खबर आई है। हाईकोर्ट ने हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। इसके साथ ही हाटी समुदाय का जनजातीय दर्जा बरकरार रहेगा। अदालत के इस फैसले से समूचे गिरिपार क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश भूपेश शर्मा की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए अनुसूचित जनजाति की सूची में किसी समुदाय को शामिल करने अथवा बाहर करने के संसद के संवैधानिक अधिकार को रेखांकित किया। खंडपीठ ने अपने फैसले में इससे जुड़े सुप्रीम कोर्ट के पूर्व निर्णयों का भी हवाला दिया।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने के बाद गिरिपार अनुसूचित जाति अधिकार संरक्षण समिति ने इस निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

याचिकाकर्ताओं ने आशंका जताई थी कि हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मिलने से क्षेत्र के अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों और हितों पर असर पड़ सकता है।नवंबर 2023 में हाईकोर्ट ने इस मामले में केंद्र और प्रदेश सरकार सहित संबंधित विभागों एवं आयोगों को नोटिस जारी किए थे।

इसके बाद से मामले में न्यायिक सुनवाई चल रही थी। अदालत के फैसले पर गिरिपार क्षेत्र सहित समूचे हिमाचल प्रदेश की निगाहें टिकी हुई थीं।केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमीचंद ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे लंबे संघर्ष की बड़ी उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1967 में उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र को जनजातीय दर्जा मिल गया था, जबकि समान भौगोलिक, सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों वाले गिरिपार क्षेत्र के लोगों को इसके लिए करीब छह दशक तक संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार का भी आभार व्यक्त किया।

वहीं हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने भी हाईकोर्ट के निर्णय को ऐतिहासिक करार दिया है।बता दें कि हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने संबंधी विधेयक दिसंबर 2022 में लोकसभा से पारित हुआ था। जुलाई 2023 में राज्यसभा ने भी इसे मंजूरी प्रदान कर दी थी।

राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद 4 अगस्त 2023 को इसे भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया था।करीब छह दशकों तक गांव-गांव में जनजागरण, महाखुमलियों, जनसभाओं और विभिन्न स्तरों पर संघर्ष के बाद हाटी समुदाय को यह संवैधानिक अधिकार हासिल हुआ था।

हालांकि, इसके बाद शुरू हुई कानूनी लड़ाई के चलते समुदाय के लोगों में अनिश्चितता बनी हुई थी।अब हाईकोर्ट के फैसले ने हाटी समुदाय को बड़ी राहत दी है। गिरिपार क्षेत्र के लोग इस निर्णय को अपने पूर्वजों के संघर्ष और वर्षों की सामूहिक मेहनत की ऐतिहासिक जीत के रूप में देख रहे हैं।