नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में मचा हड़कंप, जाँच में जुटी पुलिस
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर के स्वारघाट में सड़क के किनारे एक नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। यह कंकाल बीडीओ कार्यालय के समीप जंगल में मिला है।
जानकारी यह भी है कि इस कंकाल का सिर अलग और बाकी का हिस्सा अलग मिला है। सूचना मिलते ही स्वारघाट पुलिस की टीम एसएचओ राजेश कुमार की अगुवाई में मौके पर पहुंची और नर कंकाल का निरीक्षण किया।
बता दें कि इस नर कंकाल का सिर सड़क किनारे बने हैंडपंप के नीचे तो शरीर का बाकी हिस्सा साथ लगते जंगल में पाया गया है। साथ ही जंगल में कुछ और ऊपर जाकर पुलिस को एक बैग और कपड़े भी बरामद हुए हैं।
बरामद हुई खोपड़ी में टांके लगे हुए हैं तो खोपड़ी के सभी दांत पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस की टीम ने कंकाल को कब्जे में लेकर एफएसएल की टीम को जाँच के लिए सौंप दिया है।
रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। डीएसपी नयनादेवी विक्रांत बोंसला ने मामले की पुष्टि की है।