नवरात्रि समापन पर बाला सुंदरी सनाडी मंदिर में भंडारा, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
नाहन
लादी घाटों गांव के श्रद्धालुओं ने किया भजन-कीर्तन, यज्ञ और कन्या पूजन के बाद हुआ विशाल भंडारा
मां बाला सुंदरी के दरबार में बही श्रद्धा की धारा
नवरात्रि के पावन समापन अवसर पर नाहन-शिमला रोड पर स्थित बाला सुंदरी सनाडी मंदिर में आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर में आयोजित भजन-कीर्तन और यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
लादी घाटों गांव के भक्तों ने सजाया दरबार
लादी घाटों गांव के बलिंदर सिंह, कुलदीप सिंह, धर्मेंद्र, राजीव, भूपेंद्र सहित अन्य श्रद्धालुओं ने मंदिर को भव्य रूप से सजाया और मां का गुणगान करते हुए भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
पंडित संजय दत्त द्वारा हुआ यज्ञ और आहुति
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित संजय दत्त द्वारा करवाए गए विशेष यज्ञ से हुई, जिसमें दर्जनों भक्तों ने पूर्ण आहुति अर्पित की। इसके उपरांत महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन कर मां का गुणगान किया गया।
कन्या पूजन और भंडारा बना आयोजन का मुख्य आकर्षण
दोपहर को कन्या पूजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तिभाव से ओतप्रोत वातावरण बना रहा।
मंदिर से जुड़ी मान्यताएं और श्रद्धा का केंद्र
नाहन-कुम्हारहट्टी एनएच पर सड़क के किनारे स्थित यह मंदिर जागृत अवस्था में माना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इस स्थान पर अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती थीं, लेकिन जब से यह मंदिर बना है, दुर्घटनाओं में भारी कमी आई है। कुलदीप सिंह ने बताया कि अब तो इस मार्ग से गुजरने वाले हर वाहन चालक पहले मां के दर्शन करता है, फिर आगे बढ़ता है।