Loading...

नवरात्रों के दौरान ज्वालाजी मंदिर का मुख्य मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए रहेगा बंद

Ankita • 8 Oct 2023 • 1 Min Read

नियमों की अवहेलना करने वालों पर की जाएगी सख्त कार्यवाही

HNN/ कांगड़ा

शक्तिपीठ ज्वालाजी मंदिर में 15 से 24 अक्तूबर तक अश्विन मास शरद कालीन नवरात्र मनाए जाएंगे। ज्वालामुखी के डीएसपी विकास धीमान ने बताया कि 200 पुलिसकर्मी और जवान नवरात्रों में तैनात किए जाएंगे जो मंदिर, ज्वालामुखी शहर और ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखेंगे।

मुख्य मंदिर मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा और श्रद्धालु पैदल मुख्य मार्ग से दर्शन के लिए भेजे जाएंगे। स्थानीय लोग भी मुख्य मार्ग पर वाहनों को नहीं ले जाएंगे और प्रशासन का सहयोग करेंगे। ज्वालामुखी शहर में बड़े वाहन श्रद्धालुओं को उतारने के बाद निर्धारित पार्किंग स्थलों पर गाड़ियां पार्क करेंगे।

शहर में कोई भी वाहन पार्क नहीं होगा और नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। मंदिर गर्भ गृह में नारियल ले जाने और फोटोग्राफी पर भी प्रतिबंध रहेगा और नवरात्रों के दौरान धारा 144 लागू रहेगी। इसके अलावा कांगड़ा-देहरा और नादौन मार्ग पर अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी।

ज्वालामुखी शहर को सात सेक्टरों में बांटा जाएगा। हर सेक्टर में एनजीओ इंचार्ज तैनात रहेगा और उसे पुलिस कर्मियों की टीम दी जाएगी। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। वाॅकी-टॉकी नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिस कंट्रोल रूम भी मंदिर के पास स्थापित किया जाएगा और सभी प्रकार के सीसीटीवी कैमरों को भी वहीं से कंट्रोल किया जाएगा। नवरात्रों के दौरान मुख्य शहर में 25 नए कैमरे स्थापित किए जाएंगे।