Loading...

नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 को बनाएं जनआंदोलन : उपायुक्त जतिन लाल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Oct 2025 • 1 Min Read

जिला ऊना में तंबाकू सेवन के खिलाफ जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए उपायुक्त जतिन लाल ने सभी विभागों को एकजुट होकर ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0’ को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का मिशन है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

अभियान 9 अक्तूबर से 8 दिसंबर तक चलेगा
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा आरंभ किया गया यह राष्ट्रव्यापी अभियान 9 अक्तूबर से 8 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान जिले में जनजागरण कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रवर्तन गतिविधियों को भी सशक्त रूप से अमल में लाया जाएगा।

सभी विभागों को दिए विशेष दिशा-निर्देश
उन्होंने कहा कि भारत में तंबाकू सेवन अब भी असमय मृत्यु और बीमारियों का बड़ा कारण है। हर वर्ष लगभग 13.5 लाख लोग तंबाकू जनित रोगों की भेंट चढ़ जाते हैं। इसीलिए युवाओं में जागरूकता और रोकथाम पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, खाद्य एवं औषधि नियंत्रण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, नगर निकाय, जनसंपर्क विभाग, एनजीओ और युवा संगठनों को इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कानूनी प्रवर्तन को और मजबूत बनाने पर बल
उन्होंने कहा कि सीओटीपीए-2003 और पीईसीए-2019 के प्रावधानों के तहत प्रवर्तन को और सख्त किया जाएगा। स्कूलों और कॉलेजों में तंबाकू मुक्त संस्थान दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और तंबाकू मुक्त ग्राम की दिशा में भी ठोस प्रयास किए जाएंगे।

हुक्का परोसने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के किसी भी बार या रेस्तरां में यदि युवाओं को हुक्का परोसने की घटना सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, हिमाचल प्रदेश तंबाकू उत्पाद नियंत्रण अधिनियम 2016 को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

खुली सिगरेट बिक्री पर रोक के सख्त निर्देश
उन्होंने कहा कि जिले में हिमाचल प्रदेश खुली सिगरेट एवं बीड़ी की बिक्री निषेध अधिनियम, 2016 को अक्षरशः लागू किया जाए, ताकि तंबाकू उत्पादों की बिक्री और वितरण को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सके।

संयुक्त प्रयासों से बनेगा ऊना तंबाकू मुक्त जिला
उन्होंने सभी विभागों, संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे मिलकर ऊना को तंबाकू मुक्त जिला बनाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण से यह अभियान व्यापक और प्रभावशाली बनेगा।