Loading...
una

“नशा मुक्त ऊना” अभियान के तहत खिलाड़ियों को बांटी गईं जर्सियां, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 21 Jun 2025 • 1 Min Read

क्रिकेट के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करने और युवाओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से ट्रस्ट ने किया आयोजन

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

“नशा मुक्त ऊना” अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत खरयालता के तलमेहड़ा में डोगरा चैरिटेबल ट्रस्ट रौणखर और महालक्ष्मी इंडस्ट्री अंबेहड़ा द्वारा युवा खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट जर्सी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महालक्ष्मी इंडस्ट्री अंबेहड़ा के उद्योगपति और समाजसेवी योगराज जोगी मौजूद रहे, जबकि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जीवन मोदगिल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। ट्रस्ट के चेयरमैन डीजी डोगरा ने बताया कि नशे के खिलाफ जागरूकता और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें खरयालता और डीहर पंचायतों के युवा खिलाड़ियों को 50 से अधिक क्रिकेट जर्सियां वितरित की गईं।

नशे से दूर रहकर समाज के लिए बने प्रेरणा
मुख्य अतिथि योगराज जोगी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और खेलों में आगे बढ़ाने के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार के साथ-साथ नागरिकों को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण
विशिष्ट अतिथि जीवन मोदगिल ने कहा कि नशे से बचाव की शुरुआत घर और स्कूल से होती है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और समय रहते मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि 18 साल से कम उम्र के बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं, जिसे रोकना हम सबका कर्तव्य है।

खिलाड़ियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। डोगरा चैरिटेबल ट्रस्ट ने आम जनता से आग्रह किया कि यदि किसी को नशा तस्करी की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।