Loading...

नशे से छात्रों को बचाएगी ‘ड्रग टेस्टिंग किट’, हिमाचल के शिक्षण संस्थानों में होगी पहचान

Shailesh Saini • 11 Sep 2025 • 1 Min Read

किट कई तरह के ड्रग्स का तुरंत पता लगाने में सक्षम

हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला

हिमाचल प्रदेश के शिक्षण संस्थानों से नशे को खत्म करने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश के सभी स्कूलों और कॉलेजों में यूरिन बेस्ड ड्रग टेस्टिंग किट का इस्तेमाल कर नशा करने वाले छात्रों की पहचान की जाएगी।

राज्य सीआईडी ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को एक पत्र भेजा है।शिक्षा विभाग ने इस पत्र के आधार पर सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को तुरंत इस किट का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग का मानना है कि इस तरह की जांच से नशे की लत में फंसे कई छात्रों को समय रहते बचाया जा सकता है। यह किट कई तरह के ड्रग्स का तुरंत पता लगाने में सक्षम है, जिससे शिक्षण संस्थानों में एक नशामुक्त माहौल बनाने में मदद मिलेगी।

राज्य में नशीली दवाओं का बढ़ता चलन एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है, जिसमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। इसी वजह से यह फैसला लिया गया है। पुलिस विभाग भी नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए सख्त कदम उठा रहा है, ताकि छात्रों तक नशा न पहुंच पाए।

इस पहल के तहत, सभी संस्थानों को पीटीए (अभिभावक-शिक्षक संघ) की बैठकों में इस विषय पर चर्चा करने और अभिभावकों को भी इस बारे में जानकारी देने के लिए कहा गया है। इसका मकसद सभी के सहयोग से छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करना है।