नशे से युवा पीढ़ी को बचाने के लिए अब छात्रों के होंगे ड्रग टेस्ट
शिक्षा विभाग के पास पहुंची ड्रग्स एब्यूज डिटेक्टिव किट
HNN/ हमीरपुर
प्रदेश में युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए शिक्षा विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। हमीरपुर के एनआईटी में युवक की नशे की ओवरडोज से मौत होने से बाद विभाग अब अलर्ट में आ गया है। बता दें अब जिले के सभी सीनियर सेकेंडरी और हाई स्कूलों में युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए तीन विभाग एक साथ कार्य करने जा रहे हैं।
इसमें पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग मिलकर कार्य करेंगे। विभाग के पास सीएमओ ऑफिस की ओर से 70 ड्रग्स एब्यूज डिटेक्टिव किट पहुंच चुकी हैं। नशे से युवा पीढ़ी को बचाने के लिए छात्रों के स्कूलों में ही ड्रग टेस्ट करवाए जाएंगे। किट के बारे में प्रहरी क्लबों के नोडल अधिकारियों को सीएमओ ऑफिस में प्रशिक्षण दिए जाने की तैयारी चल रही है।
जिन छात्रों के टेस्ट पॉजिटिव रहेंगे उनकी नशे की लत छुड़ाने के लिए अभिभावकों से भी संपर्क किया जाएगा। यह टेस्ट बड़ी कक्षाओं के छात्रों के ही होंगे। इसमें दसवीं से बारहवीं कक्षा तक के छात्र शामिल होंगे। इस किट से छात्रों के टेस्ट करने के लिए उनके पेशाब के सैंपल लिए जाएंगे। सबसे बड़ी बात तो यह है कि नशे की लत इतनी ज्यादा खतरनाक है कि कई बार लोग इसके अति सेवन से और न मिलने पर आत्महत्या तक कर डालते हैं।
