नाकाबंदी के दौरान पकड़ी अवैध अंग्रेजी शराब की खेप, मामला दर्ज
HNN/मंडी
जिला मंडी में उपमंडल सुंदरनगर पुलिस की टीम ने एक गाड़ी से अवैध अंग्रेजी शराब की 8 पेटियां बरामद हुई है। पुलिस ने मामले में गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गाड़ी चालक की पहचान पंकज कुमार निवासी गांव जजरोत तहसील बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम ने पुंघ में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान उन्होंने मंडी से सलापड़ की तरफ जा रही एक इनोवा गाड़ी को जांच के लिए रोका। जब गाड़ी की जांच की गई तो उसमें से 8 पेटियां अंग्रेजी शराब रॉयल स्टैग मार्का बरामद की।
इसी संबंध में जब पुलिस ने गाड़ी चालक से दस्तावेज दिखाने को कहा तो चालक कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी सहित शराब को अपने कब्जे में लिया और गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।