Loading...
una

नाट्य दलों ने धमांदरी और कुरियाला में ग्रामीणों को किया जागरूक, गीत और नाटक के जरिए बताईं सरकारी योजनाएं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 7 Oct 2025 • 1 Min Read

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित विशेष प्रचार अभियान के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा की टीम ने ऊना के बंगाणा उपमंडल के धमांदरी और कुरियाला गांवों में जन-जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नशामुक्त समाज के संदेश से अवगत करवाया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने बताया कि अन्तर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत यदि स्वर्ण जाति का युवक या युवती अनुसूचित जाति वर्ग में विवाह करता है तो सरकार दंपत्ति को 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देती है। यह योजना समाज से छुआछूत जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के उद्देश्य से लागू की गई है। इस योजना के लिए जाति प्रमाण पत्र, हिमाचली प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र, जन्मतिथि प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज आवश्यक हैं।

महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम
नाट्य दल के कलाकारों ने बताया कि अनुवर्ती कार्यक्रम योजना के तहत अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्गों के पात्र लाभार्थियों को आजीविका के साधन उपलब्ध करवाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। महिलाओं को सिलाई मशीन पर 1,800 रुपये की सब्सिडी दी जाती है, जिससे वे घर से ही रोजगार कर आत्मनिर्भर बन सकें।

नशा निवारण पर दिया गया विशेष संदेश
कार्यक्रम में कलाकारों ने नशे को समाज की गंभीर बुराई बताते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना और इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना की जानकारी भी दी।

ग्रामीणों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी
इस अवसर पर धमांदरी की प्रधान सुनीता देवी, कुरियाला की प्रधान जसविंदर कौर, उप प्रधान अमित कुमार, वार्ड सदस्य रितु वाला, राम लाल, भोली देवी सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। विभाग के अनुसार, ऊना जिले में अभियान का पहला चरण पूर्ण हो चुका है, जबकि दूसरे चरण के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चार-चार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।