Loading...

नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने वाला आरोपी गगरेट में गिरफ्तार

PARUL • 24 May 2024 • 1 Min Read

HNN/कांगड़ा

जिला कांगड़ा में रक्कड़ के अंतर्गत 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने मामले में पीड़ित छात्रा के बयान पर आरोपी को गगरेट से गिरफ्तार किया है। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी लड़की के चाचा का दोस्त बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, नाबालिग 21 मई को अपनी बुआ के घर जिला ऊना में गई हुई थी। तभी उसे वहां पेट दर्द की शिकायत हुई और घर वाले उसे तत्काल अस्पताल ले गए। वहीं, जांच के दौरान नाबालिग तीन माह की गर्भवती पाई गई। जब लड़की से इस बारे में पूछा गया तो उसने आरोपी का नाम बताया। आरोपी अकसर चाचा के घर पर आता रहता था।

आरोपी पिछले काफी समय से डरा धमकाकर दुष्कर्म कर रहा था। इस बारे में परिजनों को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। आरोपी होशियारपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और गगरेट में कार्य करता था। पीड़ित नाबालिग को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर बयान दर्ज करवाए गए।

थाना प्रभारी रक्कड़ गुरदेव सिंह ने मामला की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नाबालिग के मेडिकल परीक्षण और बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।