नाव पलटने से ब्यास नदी में डूबा दंपती, पति की मौत, पत्नी सुरक्षित
HNN/ मंडी
जिला मंडी के सदर उपमंडल के तरनोह गांव में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, जहां ब्यास नदी में नाव पलटने से दंपती डूब गया। हादसे में पति की जान चली गई है। पत्नी ने जैसे तैसे रस्सियों का सहारा लेकर जान बचा ली, जिसे वहां मौजूद लोगों ने सुरक्षित बचा लिया।
पत्नी वीना देवी की हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतक की पहचान रूपलाल निवासी मंडी शहर के भ्यूली के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
जानकारी के मुताबिक, दंपती नदी को पार करके तरनोह पंचायत के चरोगी गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। वह इसके लिए घेरू बल्ह गांव से ट्यूब से बनी एक नाव में बैठे।
इस दौरान ब्यास नदी को पार करते समय टायर की ट्यूब से बनी नाव पलटने से पति-पत्नी नदी में गिर गए। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। घटना की पुष्टि एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने की है।