सिरमौर जिले के संगड़ाह से ताल्लुक रखने वाले अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह ने शारजहां में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश में खुशी की लहर है। नाहन पहुंचने पर वीरेंद्र सिंह का भव्य स्वागत किया गया।
5000 मीटर में स्वर्ण, 800 और 1500 मीटर में रजत पदक
2 से 5 फरवरी 2025 तक आयोजित इस चैंपियनशिप में वीरेंद्र सिंह ने 5000 मीटर, 1500 मीटर और 800 मीटर की दौड़ों में हिस्सा लिया। उन्होंने 5000 मीटर में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 800 और 1500 मीटर में रजत पदक अपने नाम किया। वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह इस प्रतियोगिता में ट्रैक इवेंट में भाग लेने वाले भारत के एकमात्र धावक थे।
परिवार और कोच को दिया सफलता का श्रेय
आयुष विभाग में कार्यरत वीरेंद्र सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, अपने कोच श्री एल. ठाकुर और कुल देवता मासू महाराज को दिया। उन्होंने कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत और परिवार के आशीर्वाद का ही परिणाम है कि उन्होंने देश का मान बढ़ाया।
आयुष विभाग ने किया सम्मानित
जिला आयुष अधिकारी इंदु शर्मा ने वीरेंद्र सिंह की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विभाग को उन पर गर्व है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वीरेंद्र सिंह को भविष्य में भी हर संभव सहायता दी जाएगी ताकि वह अपनी प्रतिभा को और निखार सकें।
वीरेंद्र सिंह की इस सफलता से हिमाचल प्रदेश को गर्व महसूस हो रहा है, और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है।

