नाहन और पांवटा में अवैध शराब बरामद, मामला दर्ज
HNN/ नाहन
सिरमौर पुलिस ने नाहन और पांवटा साहिब में अवैध शराब का धंधा करने वालों पर शिकंसा कसा है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सदर नाहन की टीम ने गश्त के दौरान चीड़ावाली के समीर खान की मोहल्ला अमरपुर स्थित जनरल स्टोर (किराना दुकान ) से 20 बोतल देसी शराब बरामद की। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ये कार्यवाही अमल में लाई।
एक अन्य मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने गश्त के दौरान गुरदेव सिंह निवासी गांव बेहडेवाला के कब्जे से 20 लीटर कसीद शुदा शराब बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया है। एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शराब का अवैध धंधा करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस कार्यवाही में जुटी है।