Loading...

नाहन की लीला सैनी सहित छह नेताओं की भाजपा सदस्यता निलंबित

Shailesh Saini • 9 Hours Ago • 1 Min Read

अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने पर पार्टी की बड़ी कार्रवाई

हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला/नाहन:

भारतीय जनता पार्टी ने पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों में पार्टी अनुशासन तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भाजपा ने सख्त कदम उठाए हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर-3 से चुनाव लड़ रहीं लीला सैनी की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई है। पार्टी ने यह कार्रवाई अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने के आरोप में की है।

इसके अलावा नगर निगम धर्मशाला में भी पांच नेताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। इनमें वार्ड नंबर-2 से पूर्व मेयर ओंकार नेहरिया, वार्ड नंबर-6 से पूर्व डिप्टी मेयर तेजेंद्र कौर, वार्ड नंबर-8 से मंडल सचिव सरोज गुलेरिया, वार्ड नंबर-14 से बूथ अध्यक्ष मितुल शुक्ला तथा वार्ड नंबर-1 से महिला मोर्चा मंडल सचिव हिमांशी अग्रवाल शामिल हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अनुशासन समिति की अनुशंसा पर यह कार्रवाई की है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि संगठन और अनुशासन भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ किसी भी प्रकार की गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी।

भाजपा ने कहा कि संगठनात्मक मर्यादा के साथ कोई समझौता नहीं होगा और सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी हित में कार्य करना होगा। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान भी किया।

Related Topics: