Loading...

नाहन के जगन्नाथ मंदिर में मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 25 Aug 2025 • 1 Min Read

जगन्नाथ मंदिर में दो गुटों के बीच विवाद ने तूल पकड़ा। सोशल मीडिया टिप्पणी से शुरू हुआ मामला पुलिस थाने तक पहुंचा, दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज।

नाहन।

सोशल मीडिया टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद मंदिर परिसर में मारपीट तक पहुंचा
जिला मुख्यालय नाहन के जगन्नाथ मंदिर परिसर में रविवार को दो गुटों के बीच हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई। इस पूरे मामले की जांच कच्चा टैंक पुलिस चौकी कर रही है।

पुजारी और स्थानीय युवक आमने-सामने
मंदिर के पुजारी राहुल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि शुभम शर्मा और उसके साथियों ने मंदिर में आकर उनके साथ मारपीट की। वहीं, दूसरे पक्ष से शुभम शर्मा ने भी राहुल शर्मा और उनके साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

एनएसयूआई भी पहुंची थाने
पुलिस के मुताबिक विवाद की जड़ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी रही। इस मामले में एनएसयूआई कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और पुजारी राहुल शर्मा के समर्थन में कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

पुलिस ने दर्ज किए केस, जांच जारी
सिरमौर के एसपी एन.एस. नेगी ने जानकारी दी कि दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।