Loading...

नाहन के पास भीषण सड़क हादसा: बाइक-बस की टक्कर में युवक की मौत, दो घायल

Shailesh Saini 24 Jun 2025 Edited 24 Jun 1 min read

अप्लाइड फॉर नंबर प्लेट वाली बाइक नाहन से जा रही थी जमटा की ओर

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

मंगलवार शाम:सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन से सटे रेणुका जी मार्ग पर जमटा के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में 25 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेज रफ्तार बनी काल, ‘एप्लाइड फॉर’ बाइक बस से टकराई

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब पांच बजे हुआ। एक ‘एप्लाइड फॉर’ नंबर प्लेट वाली बाइक नाहन से जमटा की ओर जा रही थी। जमटा के समीप पहुंचते ही सामने से आ रही एक निजी बस ‘चौहान कोच’ (HP 71-1492) से उसकी सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार 25 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र लाल सिंह, निवासी बल्का बराटल (पंजाहल) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे में घायल हुए दो अन्य युवकों में से एक की पहचान दीपांशु निवासी सत्तर भादों के रूप में हुई है।

उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए तुरंत नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक संजीव कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को माना जा रहा है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।