HNN/ नाहन
74वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह नाहन चौगान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इस अवसर पर तिरंगा फहराया तथा पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, पूर्व सैनिक व स्काउट एवं गाईड के कंटींजेंट द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व, उद्योग मंत्री ने डॉ. वाई.एस. परमार की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किये और इस उपरांत शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की। उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश के दूरवर्ती व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषकर शिक्षकों के रिक्त व जरूरी पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरेंगे।

उन्होंने कहा कि पांच सालों में हिमाचल को देश में तथा सिरमौर को प्रदेश में विकास का मॉडल बनाएंगे। इसके लिये कार्य योजना अभी से तैयार करनी शुरू कर दी है। उन्होंने सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित करके तथा नये औद्योगिक क्षेत्रों को चिन्हित करके स्थानीय युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगे। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सैनिकों तथा भूतपूर्व सैनिकों के परिवारों को अनेक सुविधाएं प्रदान की है। प्रदेश सरकार द्वारा परमवीर चक्र व अशोक चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर तीन लाख रुपये, महावीर चक्र व कीर्ति चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर दो लाख रुपये, वीर चक्र व शौर्य चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर एक लाख रुपये दिए जा रहे है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं की बेटियों को शादी के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है। पिछली भाजपा सरकार से वर्तमान सरकार को 75 हजार करोड़ रुपए का कर्ज विरासत में मिला, जबकि कर्मचारियों को एरियर के रूप में 4 हजार 430 करोड़ रुपए, पेंशनरों की देनदारी 5 हजार 226 करोड़ रुपए, कर्मचारियों और पेंशनरों का डीए एक हजार करोड़ रुपये बकाया है। इसके अलावा पिछली सरकार ने अंतिम 9 महीनों में बिना बजट का प्रावधान किए 900 संस्थान खोले व अपग्रेड किए, जिससे प्रदेश पर 5 हजार रुपए करोड़ रुपए का आर्थिक बोझ पड़ा।

मंत्री ने कहा कि एनपीएस के लगभग 8 हजार करोड़ रुपए केंद्र सरकार के पास फंसे है, इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन देने का वादा पूरा किया है। इस निर्णय से राज्य के लगभग एक लाख 36 हजार एनपीएस कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि कर्ज के भारी बोझ के बावजूद प्रदेश सरकार अपने सभी वादों को पूरा करने के लिए दृढ़ता के साथ काम कर रही है। इसके लिए कुछ कड़े फैसले लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा हम सत्ता में सुख के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं। भ्रष्टाचार के प्रति वर्तमान सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है।
सत्ता संभालते ही हमने भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए कदम उठाने आरंभ कर दिए हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर का कामकाज निलंबित किया जा चुका है और अब योग्यता के आधार पर ही निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चयन किया जाएगा। हर्षवर्धन चौहान ने इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मार्च पास्ट के प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किये। उन्होंने विभागां द्वारा स्थापित प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। नाहन के सरकारी व निजी स्कूलां के छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।

गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर इन्हे किया सम्मानित
मार्च पास्ट की सभी 12 टुकड़ियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूलों सहित तलवार बाजी में विश्वजीत, फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों में विनोद कुमार, सर्वजीत सिंह, रमेश चंद, हरि सरन, जोगेन्द्र सिंह, दीप राम तथा रमेश चंद, ग्रामीण विकास प्राधिकरण के रघुवीर सिंह, महेश कुमार, राजेश कुमार, विरेन्द्र कुमार, भुवनेश्वरी देवी व रमेश कुमार को उत्कृष्ट कार्य के लिये प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। रेड क्रॉस रेफरल ड्रॉ का प्रथम पुरस्कर 65000 रुपये मूल्य का 24 कैरेट सोना भारापुर की अनुराधा ने जीता। इसके अलावा गुलाबी देवी व याशिका को लैप टॉप, प्रतिभा चंदोला तथा राजेश कुमार को टेबलैट व हैडफोन प्रदान किये गए।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group