Loading...

नाहन ने खोया अपना ‘अनमोल हीरा’: वरिष्ठ समाजसेवीका और कर्मठ पार्षद मधु अत्री का निधन

Shailesh Saini 25 Oct 2025 Edited 25 Oct Quick read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

हिमाचल प्रदेश के नाहन शहर ने आज (शनिवार) सुबह जनसेवा का एक आधार स्तंभ खो दिया। नाहन नगर परिषद की वरिष्ठ समाजसेवीका और कर्मठ पार्षद श्रीमती मधु अत्री जी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है।

लगभग 25 वर्षों तक लगातार पार्षद रहते हुए उन्होंने जनसेवा का जो मजबूत लोहा मनवाया, वह नाहन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।

आज दोपहर 1 बजे होगा अंतिम संस्कार:

दिवंगत पार्षद मधु अत्री का अंतिम संस्कार आज दोपहर ठीक 1:00 बजे नाहन मोक्ष धाम में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए उनके आवास पर रखा गया है, जहां शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।

ढाई दशक का जनसेवा को समर्पित कार्यकाल:

मधु अत्री नाहन नगर परिषद में एक प्रतिष्ठित और वर्तमान पार्षद थीं। वह पूर्व मंत्री स्वर्गीय श्यामा शर्मा को अपना आदर्श मानती थीं और उन्हीं का हाथ पकड़ कर उन्होंने राजनीति में पहला कदम रखा था।

मिलनसार, मृदुभाषी और अपने वार्ड के कार्यों के प्रति हमेशा सजग रहने वाली मधु अत्री को नाहन ने अपनी ‘अंगूठी का एक और अनमोल हीरा’ खो देना बताया है।

राजनीतिक हस्तियों ने जताया गहरा शोक:

पार्षद मधु अत्री के निधन पर नाहन और प्रदेश के राजनीतिक जगत में गहरा दुख व्यक्त किया गया है। कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने गहरा शोक जताते हुए उन्हें संगठन की कर्मठ नेत्री बताया और उनके निधन को एक बड़ी क्षति करार दिया।इनके अलावा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय गुप्ता, मनीष चौहान, भाजपा नेता रौनकी राम शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर,

उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता सहित तमाम पार्षदों और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष के पुत्र विशाल तोमर ने गहरा दुख और संवेदनाएं व्यक्त की हैं।मधु अत्री का जाना नाहन के लिए एक बड़ी क्षति है, और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।