नाहन पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में हरियाणा की दो महिलाओं को किया गिरफ्तार
HNN/नाहन
नाहन पुलिस ने नशा कारोबार में संलिप्त हरियाणा की दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक नाइजीरियन सहित कुल 5 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में संलिप्त दो महिला आरोपी राजविन्द्र कौर निवासी पूजा विहार, अम्बाला कैंट महेशनगर हरियाणा और नीतू देवी निवासी डेरा गुरु चौक, कालका, जिला पंचकुला हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि गत 21 फरवरी को पुलिस ने सदर पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत खजुरना पुल से विक्रमबाग लिंक रोड़ पर हरियाणा नंबर की एक गाड़ी से 960 नशीले कैप्सूलों सहित 22.92 ग्राम हेरोईन/चिट्टा बरामद किया था। मामले में आरोपी रोशन लाल उर्फ विक्की डोन निवासी गांव जुरासी खुर्द, तहसील पेहवा कुरूक्षेत्र हरियाणा को गिरफ्तार किया। मामले की संजीदगी को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया।
पूछताछ में आरोपी विक्की डोन से मिली जानकारी के आधार एसआईटी ने नशे के एक अन्य तस्कर तेज प्रताप को हरियाणा के अम्बाला से गिरफ्तार किया। यह मामले में दूसरी गिरफ्तारी थी। इसके बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान नशे की सप्लाई चैन के बारे में पड़ताल करने पर सामने आया कि उपरोक्त दोनों तस्करों को हेरोईन/चिट्टे की सप्लाई दिल्ली में रहे रहे एक नाइजीरियन व्यक्ति द्वारा की जाती है।
इसके बाद एसआईटी ने दिल्ली से आरोपी नाइजीरियन व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया। नाइजीरियन के कब्जे से भी पुलिस ने 32.45 ग्राम हेरोईन/चिट्टा बरामद किया था। इसी मामले में एसआईटी ने उपरोक्त दोनों महिला आरोपियों को भी धर दबोचा। उधर जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने दो महिला आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।