सिरमौर के 15 सांस्कृतिक दलों ने लिया भाग, आसरा संस्था जालग ने प्रथम स्थान किया प्राप्त
HNN/ नाहन
भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला सिरमौर की ओर से शुक्रवार को जिला परिषद भवन नाहन में जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बता दें यह लोकनृत्य प्रतियोगिता आसरा संस्था जालग ने जीती। इस प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हाटी सांस्कृतिक दल बाउनल व तृतीय स्थान पर डाइट संस्थान नाहन रहा।

प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले सांस्कृतिक दल को राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता व राज्य स्तरीय आयोजनों में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी सिरमौर एल.आर.वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए विजेताओं को सम्मानित किया।

इस प्रतियोगिता में जिला सिरमौर के 15 सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने कहा कि भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला सिरमौर द्वारा ऐसे आयोजनों से जिला की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और नए दलों को प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान किया जाता है।

इस आयोजन के लिए भाषा व संस्कृति विभाग जिला सिरमौर बधाई का पात्र है। इस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में संगीत के प्राध्यापक डॉ देवराज शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा व लोक संस्कृति के संरक्षक कंवर सिंह नेगी रहे।

मंच संचालन युवा एंकर प्रीति चौहान ने किया। जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया व स्मृति चिन्ह दे कर सम्मानित किया। उन्होंने निर्णायक मंडल को भी सम्मानित किया तथा उपस्थित सभी लोगों का पधारने पर धन्यवाद किया।

