Loading...

नाहन में स्ट्रांग रूम के बाहर डेरा जमाए बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता, ईवीएम की कर रहे पहरेदारी

SAPNA THAKUR • 20 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्ट्रांग रूम के बाहर डेरा डाल दिया है। ईवीएम मशीनों के साथ किसी तरह की कोई छेड़छाड़ ना हो इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह कदम उठाया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा इन ईवीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़ कर सकती है इसलिए उन्होंने स्ट्रांग रूम के बाहर डेरा जमाया है।

बता दे सिरमौर जिला में 5 स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं जहां पर ईवीएम मशीनों को सील करके रखा गया है। इतना ही नहीं इन स्ट्रांग रूम के बाहर जवानों का भी कड़ा पहरा है और सीसीटीवी कैमरे से भी हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। बावजूद इसके कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ का अंदेशा बना हुआ है।

इसी के चलते जिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम के बाहर बैठ गए हैं। नाहन विधानसभा क्षेत्र के डिग्री कॉलेज में स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है जहाँ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पहरा है। उधर, जिला सिरमौर से प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि निर्वाचन विभाग से परमिशन लेने के बाद कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम के बाहर टेंट लगाकर बैठे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर सकती है जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया है।

8 दिसंबर को होनी है मतगणना
प्रदेश में 8 दिसंबर को मतगणना होनी है। यानी अभी मतगणना के 18 दिन है। जाहिर है कि कांग्रेस नेता स्ट्रांग रूम के बाहर से 8 दिसंबर तक डेरा डाले रखेंगे, जबकि इलेक्शन कमीशन का दावा है कि सभी ईवीएम कड़ी सुरक्षा में रखी गई है। इनसे छेड़छाड़ संभव नहीं है। थ्री लेयर सुरक्षा के साथ साथ स्ट्रांग रूम के भीतर व बाहर सीसीटीवी लगाकर निगरानी की जा रही है।