नाहन में स्वच्छता सर्वे अभियान तेज, 16 दिनों में 70 प्रतिशत कार्य पूरा
नगर परिषद नाहन द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता सर्वे अभियान को शहर में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं घर-घर जाकर सर्वे के साथ लोगों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक कर रही हैं।
नाहन
घर-घर जाकर किया जा रहा स्वच्छता सर्वे
नाहन नगर परिषद द्वारा स्वच्छता सर्वे का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। 24 फरवरी से शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब तक लगभग 70 प्रतिशत सर्वेक्षण कार्य पूरा किया जा चुका है।
स्वयं सहायता समूह की महिलाएं निभा रही अहम भूमिका
नगर परिषद के 13 वार्डों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं पैदल घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। इस दौरान वे घरों, दुकानों और किरायेदारों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्र कर रजिस्टर में दर्ज कर रही हैं।
कचरा प्रबंधन को लेकर किया जा रहा जागरूक
खुशी और वैष्णवी स्वयं सहायता समूह की प्रतिनिधि खुशनुमा और कोमल ने बताया कि सर्वे के दौरान लोगों को सूखे कचरे और घरेलू हानिकारक कचरे को अलग-अलग रखने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन के दौरान कचरे को अलग-अलग करके कूड़ा गाड़ी में देने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
नगर परिषद को मिलेगा शहर का अपडेटेड डाटा
इस सर्वे के माध्यम से नगर परिषद को शहर के सभी वार्डों में रहने वाले मकान मालिकों और किरायेदारों का अद्यतन डाटा उपलब्ध होगा। इसके साथ ही शहर में कचरा प्रबंधन की वर्तमान व्यवस्था को लेकर भी बेहतर फीडबैक तैयार किया जा रहा है।
31 मार्च तक चलेगा सर्वे अभियान
नगर परिषद के पुराने रिकॉर्ड के अनुसार शहर में लगभग 6000 से अधिक हाउसहोल्डर दर्ज थे, लेकिन नए सर्वे के बाद यह संख्या करीब 16 हजार तक पहुंचने की संभावना है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि यह अभियान 31 मार्च तक जारी रहेगा और अब तक 16 दिनों में लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।