Loading...

नाहन में होली की धूम, लेकिन पांवटा साहिब का होला मेला रहा फीका

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Mar 2025 • 1 Min Read

पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी, शांति और अनुशासन कायम

जिला सिरमौर में होली का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया, खासकर नाहन में, जहां शहर पूरी तरह से रंगों में सराबोर रहा। दूसरी ओर, पांवटा साहिब में आयोजित होला मेला अपेक्षा के अनुरूप रौनक नहीं बटोर सका

नाहन में पुलिस प्रशासन ने संभाली कमान

नाहन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से सतर्क रही। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस गश्त को व्यवस्थित किया गया, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। गुंडागर्दी और शरारती तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रही

पांवटा साहिब में होला मेले की फीकी चमक

पांवटा साहिब में आयोजित होला मेला दुकानों से भरा हुआ नजर आया, लेकिन ग्राहकों की कमी के कारण बाजार में रौनक फीकी रही। बाहर से आए कई दुकानदार निराश दिखे, क्योंकि उन्हें उम्मीद के मुताबिक खरीदार नहीं मिले।

फूड स्टॉल तो बड़ी संख्या में लगे थे, लेकिन फूड एंड सेफ्टी विभाग की कोई उपस्थिति नजर नहीं आई, जिससे खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए।

होली का रंग, उमंग और युवा जोश

नाहन और पांवटा साहिब में युवाओं ने होली का खूब आनंद लिया। रंगों में सराबोर होकर गली-मोहल्लों में महिलाओं और युवाओं की टोलियां होली खेलती नजर आईं। कई युवा शांतिपूर्वक ट्रैक्टरों पर सवार होकर नाचते-गाते होली मनाते दिखे

पांवटा पुलिस का मैत्रीपूर्ण व्यवहार सराहनीय

होला मेला के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी और डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर स्वयं मेले की निगरानी करते नजर आए। पुलिस व्यावहारिक दृष्टिकोण और पर्यटकों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार के लिए सराही गई

सफाई और नगर पालिका की जिम्मेदारी

पांवटा साहिब नगर पालिका के पार्षद और कर्मचारी मेले की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में तैनात नजर आए। सफाई व्यवस्था भी अच्छी रही, जिससे मेले में आने वाले लोगों को स्वच्छ माहौल मिला।

विधायकों और नेताओं ने दी शुभकामनाएं

पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अवनीत सिंह लांबा ने क्षेत्रवासियों को होली और होला मेले की शुभकामनाएं दीं। वहीं, नाहन से विधायक अजय सोलंकी ने भी होली की बधाई देते हुए लोगों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की