Loading...

नाहन में 10 दिन बदलेगा पानी सप्लाई का सिस्टम! बरसात से पहले गिरि पेयजल योजना पर बड़ा काम शुरू

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

9-20 जुलाई तक चलेगा विशेष शटडाउन, एक दिन छोड़कर मिलेगी पानी की सप्लाई; जलशक्ति विभाग ने शहरवासियों से मांगा सहयोग

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

अगर आप नाहन शहर में रहते हैं तो अगले कुछ दिनों तक पानी का इस्तेमाल सोच-समझकर करना होगा। बरसात के दौरान हर साल होने वाली पेयजल संकट की समस्या से बचने के लिए जलशक्ति विभाग ने गिरि पेयजल योजना पर बड़ा सुधार कार्य शुरू करने का फैसला लिया है। इसके लिए 9-10 जुलाई से 20 जुलाई तक 10 दिन का विशेष शटडाउन लिया जाएगा। इस अवधि में शहर में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जाएगी।

जलशक्ति विभाग रामा और धौण क्षेत्र के भूस्खलन प्रभावित स्लाइडिंग जोन में क्षतिग्रस्त राइजिंग मेन पाइपलाइन को बदलने का काम करेगा। विभाग करीब 10 से 12 पाइपों को हटाकर नई पाइपलाइन से जोड़ेगा, ताकि मानसून के दौरान बार-बार पाइप टूटने और जलापूर्ति बाधित होने की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

फिलहाल नाहन शहर को गिरि पेयजल योजना के अलावा खैरी और नेहर स्वार पेयजल योजनाओं से भी पानी मिल रहा है। मरम्मत कार्य के दौरान इन्हीं वैकल्पिक योजनाओं के माध्यम से शहर में पानी की आपूर्ति जारी रहेगी। हालांकि, सप्लाई एक दिन छोड़कर होगी, जिसके लिए विभाग ने विस्तृत शेड्यूल तैयार किया है।

जलशक्ति विभाग सिरमौर के अधीक्षण अभियंता ई. राजीव महाजन ने बताया कि पिछले मानसून में रामा-धौण क्षेत्र में लगातार भूस्खलन के कारण पाइपलाइन कई बार क्षतिग्रस्त हुई थी। इससे लोगों को बार-बार पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार बारिश के चरम दौर से पहले ही स्थायी समाधान के लिए यह कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान विभाग का पूरा तकनीकी अमला मौके पर तैनात रहेगा और निर्धारित समय के भीतर काम पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। योजना के तहत दो ज्वाइंट जोड़े जाएंगे और 10 से 12 पाइपों को बदलकर नई लाइन से जोड़ा जाएगा।

अधीक्षण अभियंता ने शहरवासियों से अपील की कि शटडाउन के दौरान पानी का उपयोग बेहद सावधानी से करें और अनावश्यक बर्बादी से बचें। साथ ही निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोकने का भी आग्रह किया, ताकि उपलब्ध पानी का उपयोग घरेलू जरूरतों के लिए किया जा सके।

उन्होंने बताया कि गिरि पेयजल योजना से प्रतिदिन 35 से 36 लाख लीटर, खैरी योजना से करीब 12 लाख लीटर और नेहर स्वार योजना से 12 से 14 लाख लीटर पानी नाहन शहर को उपलब्ध कराया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर खैरी योजना का उपयोग वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में भी किया जाता है।

ई. राजीव महाजन ने बताया कि वर्ष 2021 से 2026 के दौरान जिले में ऐसे कई संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है, जहां हर मानसून में पेयजल योजनाएं प्रभावित होती हैं। विभाग इन योजनाओं को वैकल्पिक स्रोतों से जोड़ने पर तेजी से काम कर रहा है।

जरूरत पड़ने पर प्रशासन के समन्वय से टैंकरों के माध्यम से भी पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि विभाग का लक्ष्य यही है कि लोगों को मानसून के दौरान भी नियमित और निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिलती रहे।

Related Topics: