Loading...

नाहन में 16 वर्षीय बालक ने चौगान के पास लगाया फंदा, पीजीआई में मौत

PARUL • 3 Mar 2024 • 1 Min Read

पिता लगाता था पीपल के चबूतरे पर सब्जी की दुकान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

HNN/नाहन

नाहन शहर के चौगान मैदान के नजदीक 16 वर्षीय बालक के द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला जानकारी में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अमन पुत्र लल्लन प्रसाद ने बीती रात करीब 10:00 बजे के आसपास फांसी लगा ली थी। बालक ने पीपल के चबूतरे के साथ बिजली के ट्रांसफार्मर के पाइप के साथ रस्सी बांधकर फांसी का फंदा बनाया था।

जैसे ही बालक ने फंदा लगाया उसे कुछ ही मिनट के बाद लोगों ने फंदे से उतार दिया था। बालक को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के द्वारा करीब 10:15 बजे के आसपास गुन्नू घाट पुलिस चौकी में इसकी सूचना भी दी गई। बालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत पीजीआई रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है की पीजीआई में युवक की रविवार को देर सुबह मौत हो गई। जवान बेटे की मौत हो जाने से गरीब सब्जी विक्रेता के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बता दें कि मृतक बालक का पिता लल्लन प्रसाद पीपल के चबूतरे पर सब्जी बेचकर अपने परिवार को पाल रहा था।

16 वर्षीय बालक ने किन कारणों से मौत को गले लगाया यह अब जांच का विषय है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बालक का पोस्टमार्टम सोमवार को पीजीआई में ही होगा। बालक की मौत की पुष्टि जिला पुलिस कप्तान के द्वारा की गई है।