Loading...

नाहन मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण पर मुख्यमंत्री सुक्खू बोले, प्रदेश में ही मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 8 Mar 2026, 6:24 PM | Updated: 8 Mar 2026, 6:24 PM 1 min read

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नाहन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर डॉक्टरों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार कर मरीजों को प्रदेश में ही बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

सिरमौर/नाहन

डॉक्टरों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं पर ली राय

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिला के नाहन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के बाद चिकित्सकों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि वह चिकित्सकों की समस्याएं और सुझाव सुनने के लिए पहुंचे हैं, ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए उन्हें नीतियों में शामिल किया जा सके।

मेडिकल कॉलेजों को मजबूत करने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई मेडिकल कॉलेज केवल रैफरल संस्थान बनकर रह गए हैं, लेकिन सरकार इन्हें मजबूत बनाकर प्रदेश के लोगों को यहीं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मेडिकल सुविधाओं में सुधार के लिए हाई-एंड मेडिकल टेक्नोलॉजी ला रही है, जिस पर आने वाले समय में लगभग तीन हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

रेजिडेंट डॉक्टरों के स्टाइपेंड में किया गया बड़ा इजाफा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का स्टाइपेंड 40 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। वहीं सीनियर रेजिडेंट सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों का स्टाइपेंड एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1.30 लाख रुपये किया गया है, ताकि चिकित्सा सेवाओं में और मजबूती लाई जा सके।

मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी पीजी सीटें

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी और छात्रों के लिए 60-60 के सेक्शन बनाए जाएंगे। इसी अनुपात में स्टाफ भी उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण मिल सके।

कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में रहे मौजूद

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक एवं एचपीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, पूर्व विधायक किरनेश जंग व अजय बहादुर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, महासचिव बाल कल्याण परिषद जैनब चंदेल, राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एसपी कत्याल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, एपीएमसी सिरमौर अध्यक्ष सीता राम शर्मा, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष नासिर रावत, कांग्रेस नेता दयाल प्यारी, नसीमा बेगम, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग पंकज ललित, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा और पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।