नशे का व्यापार पर अंकुश लगाने की मांग
HNN/नाहन
नाहन: धारटीधार यूथ क्लब के बैनर तले क्षेत्र की 16 पंचायतों के युवाओं का एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को डीसी सिरमौर से मिला, जहां इलाके की समस्याओं को लेकर उन्हें एक ज्ञापन सौंप समाधान की मांग उठाई गई।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
डीसी को सौंपे ज्ञापन में यूथ क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि धारटीधार क्षेत्र के अधिकतर लोग सरकार की योजनाओं से अनजान हैं, जिस कारण वह इन योजनाओं के लाभों से वंचित हैं। सरकार द्वारा संचालित समस्त योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग, विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से पिछड़े नागरिकों तक पहुंचना नितांत आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए जाएं कि धारटीधार क्षेत्र में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाए, जिसमें सभी विभागों के प्रतिनिधि शामिल होकर सरकारी योजनाओं, लाभों और नीतियों की जानकारी प्रदान कर सकें, ताकि क्षेत्रवासी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
ज्ञापन में कहा गया कि धारटीधार क्षेत्र में कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण सड़कें हैं, जिसमें धौलाकुआं से ददाहू वाया बायला, जमटा से राजबन वाया बिरला भरोग बनेड़ी, खाली अच्छोन से नाड्डी वाया क्यारी, डाडवा, बाड़थल मंधाना से कोलर वाया जंगलोट, जेथलघाट से ददाहू वाया डंडोर, पंजाहल से शिल्णु कैलाश शामिल हैं. ये सभी सड़कें क्षेत्र की मुख्य सड़कें हैं, जिनकी हालत खस्ता होने के कारण दुर्घटनाएं काफी बढ़ रही हैं। लिहाजा, सड़कों की मरम्मत की जाए।
युवाओं ने कहा कि सड़कों की खस्ताहाली का एक प्रमुख कारण रेणुकाजी- धौलाकुआं सड़क पर दिन-रात चलने वाले खनन सामग्री के ओवरलोडिड ट्रक व ट्रैक्टर भी हैं. ये वाहन नियमों की अवहेलना कर सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिसके कारण तेजी से सड़कें टूट रही हैं। इसके कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लिहाजा, मांग की गई कि इस संबंध में संबंधित विभागों को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं।
धारटीधार यूथ क्लब के सदस्यों ने एक अन्य ज्ञापन एसएसपी सिरमौर को भी सौंपा, जिसमें धारटीधार क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी उठाई।युवाओं का कहना है कि हाल ही में बाहरी राज्यों से आने वाले अनजान फेरीवालों और अन्य लोगों की गतिविधियों में वृद्धि देखी गई है।क्षेत्र में नशे का व्यापार भी बढ़ रहा है, जो क्षेत्र के युवा वर्ग के लिए भी एक गंभीर समस्या बन रही है। इस अवैध कारोबार पर भी अंकुश लगाना बेहद जरूरी है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में नीतीश, यशपाल, संजीव, अनूप, मुकेश, राहुल, योगेश, निखिल शिशुपाल, वैभव, मयंक, सात्विक, हिमांशु, सौरव, नमन, नवदीप, विपिन, अनुज, पंकज, हेमंत, भुनेश्वर, अनिल, अजय, ऋतिक, आकाश, नीरज, आर्यन, हरीश आदि मौजूद रहे. एक ज्ञापन लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को भी सौंपा गया।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





