नाहन विधानसभा क्षेत्र का यह गाँव सड़क सुविधा से महरूम, सालों से पक्की सड़क बनने का इंतजार..
HNN/ नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र में आज भी ऐसे गांव हैं जो सड़क सुविधा से महरूम हैं। सड़क जैसी मूलभूत समस्या का हल न हो पाना सरकार के उन दावों की पोल खोल रहा है, जिसमें सरकार गांव-गांव को सड़क से जोड़ने की बात करती है। अगर इन गांव तक जैसे-तैसे सड़क पहुंच भी जाए तो सरकार और विभाग की लेटलतीफी के चलते सड़क पक्की नहीं हो पाती है। नाहन शहर के साथ लगते कोठड़ी गांव में आजादी के दशकों बीत जाने के बाद भी गांव तक बनी सड़क को पक्का नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय नेता सड़क पक्की करने की बात कह जाते हैं, लेकिन फिर इस तरफ कोई भी नेता ध्यान नहीं देता है। गांव के प्रमुख समाजसेवी व पूर्व ग्राम प्रधान प्रत्याशी संदीप सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान प्रधान के द्वारा विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए थे। उन्होंने सरकार और प्रधान पर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में सड़क बने हुए लंबा अरसा बीत चुका है, मगर यह सड़क आज तक पक्की नहीं की गई है।
सड़क के पक्का न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। संदीप ने कहा कि कई वर्षों से ग्रामीण सड़क को पक्का करवाने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन यह सड़क पक्की नहीं हो पाई है। खासतौर पर बरसात के दिनों में इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इस सड़क पर पड़े बड़े-बड़े गड्ढों के चलते वाहन तो छोड़ो लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। सबसे बड़ी समस्या गांव तक एंबुलेंस पहुंचाने को लेकर है।
गांववासियों का आरोप है कि गांव में न तो स्ट्रीट लाइट है और न ही बच्चों के खेलने के लिए कोई पार्क आदि की व्यवस्था की गई है। संदीप और गांववासियों ने सरकार से मांग की है कि गांव में सोलर ऊर्जा अथवा स्ट्रीट लाइट का उचित प्रबंध करवाया जाए। गांववासियों ने सड़क को जल्द से जल्द पता करने की गुहार लगाई है।