Loading...

नाहन शहर में शुरू हुई डेंगू के खिलाफ विशेष लड़ाई

Ankita • 19 Jul 2024 • 1 Min Read

नया बाजार व अमरपुर मोहल्ला में किया जा रहा दवाइयों का छिड़काव व फॉगिंग

HNN/ नाहन

सिरमौर जिला में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामलों से स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अब जिला प्रशासन व नगर परिषद भी सक्रिय हो गया है। नाहन शहर के नया बाजार व अमरपुर मोहल्ला में डेंगू के मामलों को देखते हुए नगर परिषद ने शहर में दवाइयों के छिड़काव के साथ-साथ फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया है।

इसी कड़ी में नाहन शहर के अमरपुर मोहल्ला की विभिन्न गलियों में छिड़काव किया जा रहा है। शुक्रवार को नाहन शहर के अमरपुर मोहल्ला, पूर्वीया मोहल्ला व एवीएन स्कूल की गली में नगर परिषद के कर्मचारियों की अगुवाई में विशेष टीम द्वारा फॉगिंग की गई। इससे शहर के नया बाजार अमरपुर मोहल्ला व पूर्वीया मोहल्ला के लोगों ने राहत की सांस ली है।

शहर के लोगों का कहना है कि जिस प्रकार डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं ऐसे में शहर भर में फागिंग व दवाइयां के छिड़काव का अभियान एक सप्ताह पहले शुरू कर दिया जाना चाहिए था। लिहाजा फिर भी शहर के लोगों ने नगर परिषद के इस कदम की सराहना की है।

नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी अजय गर्ग ने बताया कि जिस प्रकार शहर के नया बाजार व अमरपुर मोहल्ला में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं उसे नियंत्रित करने के लिए नगर परिषद ने फॉगिंग व दवाइयां के छिड़कावों का विशेष अभियान शुरू कर दिया है।

यह अभियान करीब एक सप्ताह चलेगा। गौर हो कि करीब एक सप्ताह से स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अजय पाठक के मार्गदर्शन में नाहन शहर के अमरपुर मोहल्ला में लगातार डोर टू डोर सर्वे कर रही है। इस दौरान लोगों को डेंगू के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।

यदि किसी भी घर के आसपास पानी एकत्रित है या कूड़ा कचरा पड़ा है तो उसे भी हटाने को लेकर दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉक्टर अजय पाठक ने बताया के डेंगू को लेकर नाहन शहर के अमरपुर मोहल्ला में सबसे अधिक 90 मामले सामने आ चुके हैं।

उन्होंने स्थानीय लोगों का आह्वान किया के वह डेंगू के मामलों को लेकर सतर्क रहें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि नगर परिषद के साथ मिलकर डेंगू पर नियंत्रण किए जाने को लेकर कार्य किया जा रहा है तथा इसी कड़ी में नगर परिषद शहर के प्रभावित क्षेत्रों में छिड़काव व फॉगिंग का अभियान शुरू कर दिया है।