Loading...

निजी बस में सवार यात्री को चरस की बड़ी खेप सहित किया गिरफ्तार

PARUL • 11 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/राजगढ़

जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ में पुलिस की टीम ने निजी बस में सवार यात्री को 1.368 किलोग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान सोमदत्त निवासी दुधम डाकघर करगाणु, सनौरा तहसील राजगढ़ के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी यशवंतनगर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि जोड़ना से सोलन के रूट पर चलने वाली निजी बस में एक यात्री भारी मात्रा से चरस लेकर आ रहा है। जिसके बाद पुलिस ने सनौरा से पहले शायाघाट में सड़क पर नाकाबंदी कर ली। इस दौरान रविवार सुबह पैरवी पुल की ओर से एक निजी बस आई, जिस पर जोड़ना से सोलन का बोर्ड लगा हुआ था।

पुलिस की टीम ने बस को चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान सीट नंबर 20 पर एक नीले रंग का बैग खिड़की की तरफ रखा हुआ था। जब पुलिस ने उक्त बैग की तलाशी ली तो उसमें से 1.368 किलोग्राम चरस बरामद हुई। जिसके बाद आरोपी यात्री के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया। डीएसपी अरुण कुमार मोदी ने मामले की पुष्टि की है।