HNN / शिमला
चिंतपूर्णी विधानसभा सीट से निर्दलीय नामांकन भर चुके पूर्व मंत्री कुलदीप को मनाने में कांग्रेस सफल रही है। कुलदीप ने शनिवार सुबह अपना नामांकन वापस ले लिया है। गौरतलब है कि आज नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन है, इसके बाद सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। वही , चिंतपूर्णी विधानसभा सीट से कांग्रेस ने प्रत्याशी के तौर पर सुदर्शन बबलू को उतारा है।
नामांकन वापस लेने के बाद कुलदीप ने सुदर्शन बबलू के पक्ष में प्रचार किया। इस दौरान प्रदेश चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी मौजूद रहे। कांग्रेस पार्टी ने इस दौरान कुलदीप कुमार को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने कुलदीप को कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति का सह अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिया है।
इतना ही नही हिमाचल की कुल्लू विधानसभा सीट से निर्दलीय उतरे कद्दावर नेता महेश्वर सिंह ने भी शनिवार सुबह करीब 11:00 बजे अपना नामांकन वापस ले लिया। पूर्व सांसद महेश्वर सिंह कुल्लू विधानसभा सीट से अब बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव नहीं लडे़ंगे। उन्होंनें भाजपा प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर के पक्ष में अपना नामांकन वापस ले लिया है।

