Loading...

निर्माणाधीन भवन में मिट्टी का ढेर गिरा, दो मजदूर बाल-बाल बचे

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Dec 2024 • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

नाहन: जिला मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित यशवंत विहार कॉलोनी के समीप शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माणाधीन भवन के प्लॉट से मिट्टी निकालते वक्त अचानक मिट्टी का ढेर खिसककर दो मजदूरों पर गिर गया, जिससे वे मलबे में दब गए। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तुरंत बाहर निकाल लिया।

घटना के तुरंत बाद दोनों मजदूरों को प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घायल मजदूर बलदेव ने बताया कि उन्हें चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गुम चोटें आईं, जबकि उनके साथी पवन को पैर में चोट लगी। घटना सुबह करीब 11 बजे हुई जब वे मिट्टी निकालने का कार्य कर रहे थे।

बलदेव ने बताया कि उनके साथ काम कर रहे अन्य तीन मजदूरों ने तुरंत उन्हें मलबे से बाहर निकाला। उन्होंने यह भी कहा कि वे 9 दिसंबर से इस कार्य में लगे हुए हैं और फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। चिकित्सकों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

इस हादसे में मजदूरों की सूझबूझ और तेज प्रतिक्रिया ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। हालांकि, इस घटना ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की आवश्यकता को एक बार फिर रेखांकित किया है।