निषाद कुमार को अभी तक नौकरी के नाम पर सिर्फ आश्वासन
HNN/ऊना
पैरालंपिक में दो मेडल जीतने वाले निषाद कुमार के कोच नदीम अहमद ने कहा है कि सरकार को निषाद कुमार को नौकरी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निषाद कुमार ने दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है और उन्हें नौकरी के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिला है।
नदीम अहमद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में निषाद इकलौता खिलाड़ी हैं जिन्होंने पैरालंपिक में बैक टू बैक देश को पदक दिलवाए हैं। उन्होंने कहा कि पैरालंपिक में मेडल विजेता को राज्य सरकार की ओर से जो उचित सम्मान निधि मिलती है, वह अवश्य मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है तो दूसरे खिलाड़ियों का मनोबल भी गिरेगा।
निषाद कुमार ने कहा कि इस बार जो कुछ कमी रही है, उसे अगली बार पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में सरकारी नौकरी को लेकर मिले आश्वासन के बावजूद अभी तक उन्हें नौकरी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वह अपनी ओर से कोशिश कर रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें नौकरी मिलेगी।