Loading...

नैना देवी मंदिर में 5 से 14 अगस्त तक आयोजित होगा श्रावण अष्टमी नवरात्रि मेला

Ankita • 20 Jul 2024 • 1 Min Read

लंगर लगाने के लिए ऑनलाइन करना होगा आवेदन, अप्रिय घटना को रोकने के लिए हाईटेक ड्रोन से होगी निगरानी

HNN/ बिलासपुर

उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री नैना देवी मंदिर में 5 से 14 अगस्त तक श्रावण अष्टमी मेले का आयोजन किया जाएगा। श्रावण अष्टमी मेले के दौरान एडीसी बिलासपुर को मेला अधिकारी, एसडीएम नैना देवी सहायक मेला अधिकारी जबकि एएसपी को पुलिस मेला अधिकारी तथा डीएसपी को सहायक पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मेले के दौरान माता श्री नैना देवी जी का मंदिर श्रद्धालुओं के लिए चौबीसों घंटे खुला रहेगा। साफ-सफाई के लिए रात्रि के दौरान मंदिर को केवल एक घंटे के लिए बंद किया जाएगा। दोपहर को मां के श्रृंगार व भोग इत्यादि के लिए भी मंदिर कुछ समय के लिए बंद रहेगा। श्रावण अष्टमी मेले के दौरान लंगर लगाने की अनुमति के लिए shrinainadevi.com पर आवेदन करना होगा।

आयोजक को लंगर की समाप्ति के बाद साफ-सफाई भी सुनिश्चित करनी होगी। मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को 09 सेक्टरों में बांटा जाएगा। सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त मात्रा में पुलिस व होमगार्ड के जवानों सहित त्वरित कार्य बल की टीमें तैनात रहेंगी। वहीं कानून व्यवस्था को चाक चौबंद रखने तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए के लिए पुलिस का कमांडो दस्ता भी गठित किया जाएगा।

सभी एक्टरों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हाईटेक ड्रोन से निगरानी होगी। इसके अतिरिक्त 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरा सहित बस स्टैंड से लेकर माता मंदिर परिसर तक तीन हाईटेक एलईडी स्क्रीन स्थापित किए गए हैं जिसमें माता के दर्शन के साथ-साथ श्रद्धालुओं के भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ध्वनि प्रसार सेवा उपकरण भी स्थापित किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आगमन हॉल बनाया गया है जिसमें एक साथ हजार श्रद्धालु आराम कर सकेंगे। मेले के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर नियमित रूप से निरीक्षण करेंगे। मेले में श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाने के लिए विभिन्न स्थानों पर एलोपैथिक तथा आयुर्वेदिक कैंप स्थापित किए जाएंगे। किसी भी आपदा अथवा आग इत्यादि की घटना से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे।