नोटीखड्ड में सड़क किनारे खुदाई करते हुए मलबे की चपेट में आने से नेपाल के दो मजदूरों की मौत
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला से सटे बसंतपुर क्षेत्र में नोटीखड्ड में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां सड़क किनारे खुदाई करते हुए मलबे की चपेट में दो मजदूर आ गए, जिस कारण उनकी मौत हो गई है। बता दें दोनों मजदूर नेपाल के निवासी है।
हालांकि अभी तक दोनों मृतकों की पूरी तरह से शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों मजदूर रेत निकालने के लिए अवैध रूप से खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान दोनों मलबे की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों द्वारा घटना के बाद इनकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला। जिसके बाद देखा कि उन दोनों मजदूरों की मौत हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।