Loading...

ऊना आईटीआई में एयर रेड-ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, 550 विद्यार्थियों की सुरक्षित निकासी का अभ्यास

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 20 Mins Ago • 1 Min Read

ऊना के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां जांचने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के इस अभ्यास में 550 विद्यार्थियों को सुरक्षित निकालने और 10 घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया परखी गई। इसमें विभिन्न विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया।

ऊना/ऊना/वीरेंद्र बन्याल

मॉक ड्रिल के लिए आईटीआई परिसर में हवाई हमले के बाद विस्फोट होने और भवन में विद्यार्थियों व कर्मचारियों के फंसने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। इसकी सूचना मिलते ही जिला आपदा नियंत्रण कक्ष ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को अलर्ट किया। इसके बाद पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया तथा परिसर में फंसे विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया अपनाई।

अभ्यास के दौरान 10 घायलों को चिकित्सा सहायता देने की प्रक्रिया भी परखी गई। निर्धारित परिदृश्य के अनुसार एक विद्यार्थी को मृत घोषित करने, चार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर करने, चार को मौके पर उपचार देने और एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी देने का अभ्यास किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के संचालन के लिए आईटीआई परिसर में स्टेजिंग एरिया बनाया गया, जहां से राहत और बचाव कार्यों का समन्वय किया गया।

इंसीडेंट कमांडर एवं तहसीलदार ऊना शिखा राणा की अध्यक्षता में संचालित अभियान में होमगार्ड, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड और एनसीसी की टीमों ने भाग लिया। शिखा राणा ने बताया कि अभ्यास के माध्यम से सूचना तंत्र, विभागीय समन्वय, सुरक्षित निकासी और घायलों को उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं को परखा गया। इससे विद्यार्थियों को भी एयर रेड और ब्लैकआउट की स्थिति में सतर्क रहने तथा सुरक्षित बचाव के उपायों की व्यावहारिक जानकारी मिली।