Loading...

पंचायत समिति की बैठक में ना आने वाले अधिकारियों को जारी होंगे नोटिस

Ankita • 20 Jul 2024 • 1 Min Read

सराहां में आयोजित बैठक में पंचायत समिति अध्यक्ष सुरेंद्र नेहरू ने दिए निर्देश

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में पंचायत समिति की बैठक में ना आने वाले अधिकारियों को जल्द नोटिस जारी किए जाएंगे। शुक्रवार को पच्छाद उपमंडल मुख्यालय सराहां के खंड विकास कार्यालय में आयोजित बैठक में पंचायत समिति अध्यक्ष सुरेंद्र नेहरू ने यह निर्देश जारी किए, जो अधिकारी पंचायत समिति की बैठक में नहीं आ रहे हैं, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पहले नोटिस जारी किए जाएंगे, फिर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

शुक्रवार को विकास खण्ड पच्छाद कार्यालय के पंचायत समिति सभागार में पंचायत समिति बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत समिति अध्यक्ष सुरेंदर नेहरु द्वारा की गई। इस बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंचायत समिति पच्छाद रमेश कुमार शर्मा, पंचायत समिति सदस्य, विभाग के मुख्य अधिकारी व मनोनीत सदस्य पंचायत प्रधान ग्राम पंचायत शीना, जामन की सैर, धार टिक्करी, दाड़ो देवरिया और बनौना विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस बैठक में विभिन्न लंबित मदों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। जिसमें, विभिन्न विभागों से सम्बन्धित 40 मदों पर चर्चा की गई। मौके पर 22 मदों का समाधान हो गया, शेष 18 मदों के समाधान के लिए विभागाध्यक्षों को भेज दिए गए। इसके अतिरिक्त विभागों से अनुपस्थित रहे अधिकारीयों के सम्बन्ध में सदन द्वारा कड़ा संज्ञान लिया गया।

साथ ही निर्णय लिया गया कि सदन के माध्यम से इन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। सदन ने निर्णय लिया कि 15 वां वित्तायोग (समिति भाग) से प्रस्तावित पुस्तकालय का निर्माण भी जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा।