Loading...

पंचायत समिति राजगढ़ की पहली सामान्य बैठक में विकास कार्यों पर मंथन, अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

विधायक रीना कश्यप बोलीं— जनप्रतिनिधियों के मुद्दों को गंभीरता से लें अधिकारी, अगली बैठक में होगी प्रगति की समीक्षा

हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़ (सिरमौर)।

पंचायत समिति राजगढ़ की प्रथम सामान्य बैठक शुक्रवार को समिति सभागार में आयोजित हुई। बैठक में पच्छाद की विधायक रीना कश्यप विशेष रूप से मौजूद रहीं। बैठक की अध्यक्षता पंचायत समिति अध्यक्ष रमा देवी ने की, जबकि उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी, उपमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत समिति सदस्य तथा सात पंचायतों के प्रधान भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े सड़क, पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस पर विधायक रीना कश्यप ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि अगली सामान्य बैठक में इन मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में विभागाध्यक्ष स्वयं बैठकों में उपस्थित रहें, ताकि जनप्रतिनिधियों के प्रश्नों का मौके पर ही संतोषजनक उत्तर दिया जा सके और समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो।बैठक के अंत में पंचायत समिति ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया।

इसके साथ ही पंचायत समिति की विभिन्न स्थायी समितियों का गठन भी किया गया, ताकि विकास कार्यों के संचालन एवं निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Related Topics: