पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का निधन, बाइक हादसे में हुए थे गंभीर घायल; मोहाली में 11 दिन से चल रहा था इलाज
पंजाबी गायक और अभिनेता राजवीर जवंदा का मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 27 सितंबर को एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे और 11 दिन से वेंटिलेटर पर थे। बुधवार सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
मोहाली
पिंजौर में हुआ भीषण सड़क हादसा
जानकारी के अनुसार पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का 27 सितंबर को पंचकूला के पिंजौर में बीएमडब्ल्यू बाइक से एक्सीडेंट हुआ था। वे बद्दी से पिंजौर आ रहे थे, जब पिंजौर-नालागढ़ रोड पर सेक्टर-30 टी पॉइंट के पास सांडों की लड़ाई के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं।
11 दिन तक लाइफ सपोर्ट पर चला इलाज
हादसे के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां वे 11 दिन तक एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनका अंतिम संस्कार कल उनके पैतृक स्थान जगरांव में किया जाएगा।
संगीत और फिल्मों में छोड़ी गहरी छाप
राजवीर जवंदा ने 2014 में अपनी पहली एल्बम मुंडा लाइक मी से करियर की शुरुआत की थी। 2016 में कली जवंदे दी से उन्हें पहचान मिली। इसके बाद मुकाबला, कंगणी, पटियाला शाही पग, केसरी झंडे, लैंडलॉर्ड और सरनेम जैसे गाने सुपरहिट हुए।
2018 में उन्होंने पंजाबी फिल्म सूबेदार जोगिंदर सिंह से अभिनय की शुरुआत की और काका जी, जिंद जान, मिंदो तहसीलदारनी तथा सिकंदर 2 जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया।